गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने कहा—कठिन समय में घबराएं नहीं, वर्तमान में रहें और खुद को मजबूत बनाएं

गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने कहा—कठिन समय में घबराएं नहीं, वर्तमान में रहें और खुद को मजबूत बनाएं


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 05 सितंबर 2026। ज्योतिषियों द्वारा आने वाले कुछ वर्षों को कठिन बताए जाने के बीच लोगों के मन में भविष्य को लेकर चिंता और असमंजस बना हुआ है। ऐसे समय में आध्यात्मिक गुरु गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने लोगों को वर्तमान में रहने, प्रसन्न रहने और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी है।

श्री श्री रविशंकर ने कहा कि दुनिया में आने वाले समय में कुछ कठिन परिस्थितियां और संघर्ष देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने कहा, “हमें यह नहीं कहना चाहिए कि कोई संघर्ष नहीं होगा। दुनिया में कुछ सफाई और बदलाव की प्रक्रिया होगी, कुछ बाधाएं और कठिन समय भी आएंगे।”

हालांकि उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इन परिस्थितियों के बावजूद अंत सकारात्मक होगा। उनके अनुसार प्रकृति और परमात्मा अत्यंत करुणामय हैं और अंततः परिस्थितियां सकारात्मक दिशा में जाएंगी।

गुरुदेव ने कहा कि कठिन समय को डरने के बजाय अपने भीतर की शक्ति को बढ़ाने का अवसर समझना चाहिए। इसके लिए व्यक्ति को दृढ़ संकल्प के साथ ध्यान और आत्मचिंतन की ओर बढ़ना चाहिए तथा स्वयं के प्रति अधिक प्रतिबद्ध होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में एक-दूसरे की देखभाल, करुणा और सहयोग जैसी मानवीय भावनाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है। यही वे गुण हैं, जो कठिन परिस्थितियों में समाज को संभालने और सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

गुरुदेव का संदेश स्पष्ट है—भविष्य की आशंकाओं में उलझने के बजाय वर्तमान क्षण में खुश रहें, ऊर्जावान और रचनात्मक बने रहें तथा ध्यान, दृढ़ता, करुणा और सहयोग के माध्यम से स्वयं को आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार करें।

Happy Teachers’ Day | गुरुदेव श्री श्री रविशंकर को नमन।