किराना व्यवसायी के यहां जीएसटी टीम का छापा, टर्न ओवर के मुताबिक टैक्स जमा नहीं करने का आरोप
भिलाई नगर, 8 अप्रैल। दुर्ग जिले में स्टेट जीएसटी की टीम ने एक किराना व्यवसायी के यहां छापेमारी की है। टीम पहुंचते ही दुकान के संचालक और कर्मचारियों को बाहर जाने से रोक दिया गया और घंटों से यहां बिल वाउचर को खंगाला जा रहा है। टीम के अधिकारी उस गोदाम में भी पहुंचे जहां व्यापारी का स्टाक है। इस कार्रवाई से व्यापारी वर्ग में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर से आई टीम आज सुबह 8 बजे पावर हाउस मार्केट स्थित कांतिलाल किराना एंड मर्चेंट के यहां पहुंची। टीम ने दुकान संचालक को जांच के लिए सभी बिल वाउचर देने को कहा। इसके बाद टीम दुकान संचालक के गोदाम में पहुंची और वहां स्टॉक की जांच हुई। टीम ने इस दौरान अन्य राज्यों से खरीदे जाने वाले एक-एक सामान के बिलों की जांच की। बताया जा रहा है कि किराना दुकान संचालक थोक व्यापारी है। साथ ही जितना उसका टर्नओवर है, उतना जीएसटी नहीं जमा कर रहा था। इसी शिकायत के चलते स्टेट जीएसटी की टीम यहां जांच करने पहुंची है।
जीएसटी कमिश्नर समीर विश्नोई ने कहा है कि कांतिलाल किराना एंड मर्चेंट के यहां जीएसटी टीम जांच के लिए आज पहुंची थी। संस्थान के सारे दस्तावेज की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

