भिलाई में 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

भिलाई में 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ


🔴10 राज्यों की 30 टीमों के 450 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना कौशल

भिलाईनगर, 24 फरवरी 2026। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई परिसर में आयोजित चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन छत्तीसगढ़ के माननीय गृह मंत्री Vijay Sharma द्वारा किया गया। यह प्रतियोगिता 24 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कुल 30 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 450 खिलाड़ी शामिल हैं। 10 राज्यों के 30 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, जिन्होंने ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स एवं साउथ एशियन गेम्स में भाग लिया है, प्रतियोगी के रूप में उपस्थित हैं। अर्जुन पुरस्कार विजेता डीएसपी जनता तालुकार (असम) एवं डीएसपी रजत चौहान (राजस्थान) भी प्रतिभागी के रूप में शामिल हैं।

कार्यक्रम में दुर्ग नगर की महापौर श्रीमती अलका बाघमार, पुलिस महानिदेशक Arun Dev Gautam, एडीजी S. R. P. Kalluri, एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल Vivekanand Sinha, आईजी ओ.पी. पाल, आईजी अजय यादव, आईजी अभिषेक शांडिल्य, आईजी बी.एस. ध्रुव, डीआईजी कमलोचन कश्यप, डीआईजी एम.आर. आहिरे, डीआईजी मध्य रेंज एवं आयोजन सचिव सदानंद कुमार, डीआईजी एवं एसएसपी दुर्ग विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त राठौर तथा प्रथम वाहिनी के डीआईजी कमांडेंट एवं पुलिस खेल अधिकारी राजेश कुकरेजा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित सुश्री समसाद बेगम, श्री भारती बंधू, श्री आलोक निरंजन एवं सुश्री सबा अंजुम की विशेष उपस्थिति रही। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आयोजन का शुभारंभ किया गया।

एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल विवेकानंद सिन्हा द्वारा प्रतिवेदन वाचन कर प्रतियोगिता की रूपरेखा, प्रतिभागियों की संख्या एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

गृह मंत्री का वक्तव्य

गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस बल कानून-व्यवस्था के साथ खेल और अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर की यह प्रतियोगिता पुलिस बलों के मध्य समन्वय, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को मजबूत करती है तथा इसकी मेजबानी मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है।

पुलिस महानिदेशक का वक्तव्य

डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि खेल गतिविधियां पुलिस बलों में शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन और अनुशासन को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बलों के मध्य खेल कौशल, अनुशासन, समन्वय और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है। विभिन्न वर्गों की तीरंदाजी स्पर्धाएं 27 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में सहयोग करने तथा यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।