खुशखबरी : रायपुर से दुर्ग के बीच चलेगी लाइट मेट्रो, प्रोजेक्ट पर खर्च होगा लगभग 500 करोड़, रायपुर नगर निगम और रूस के बीच एमओयू साइन

खुशखबरी : रायपुर से दुर्ग के बीच चलेगी लाइट मेट्रो, प्रोजेक्ट पर खर्च होगा लगभग 500 करोड़, रायपुर नगर निगम और रूस के बीच एमओयू साइन



सीजी न्यूज आनलाईन, 23 अगस्त। रायपुर से भिलाई दुर्ग तक लाइट मेट्रो चलाने का रास्ता साफ हो गया है। यह लाइट मेट्रो रशियन टेक्नोलॉजी से रायपुर और दुर्ग के बीच दौड़ लगाएगी। इसके लिए मॉस्को में आयोजित इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट मीट में रायपुर नगर निगम और रूस के बीच एमओयू हुआ है। रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर और रसिया ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने इस पर हस्ताक्षर भी कर दिए हैं। महापौर की मानें तो बहुत जल्द टेक्नीशियन एक्सपर्ट रायपुर पहुंचेंगे।
रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर ने बताया कि जल्द ही रूस के एक्सपर्ट रायपुर पहुंचेंगे। ज्वाइंट वेंचर में यह काम किया जाएगा। पहले टीम रायपुर आएगी और शहर का निरीक्षण करेगी, इसके साथ ही इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालक को लेकर सुझाव देगी। महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि रायपुर के स्काईवॉक को भी रसिया की टीम देखेगी, अगर उसमें लाइट मेट्रो चलाई जा सकती है तो इस पर भी विचार किया जा सकता है।
रूस के साथ रायपुर नगर निगम का MOU 
चार बिंदुओं को लेकर मॉस्को के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर और मॉस्को के महापौर ने MOU पर हस्ताक्षर किया है। चार बिंदुओं में पहले रायपुर से भिलाई दुर्ग तक लाइट मेट्रो, दूसरा इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और मैनेजमेंट, तीसरा ट्रैफिक मैनेजमेंट और चौथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से पब्लिक ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट पर काम करेगी। यह रायपुर शहर के साथ ही प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। ऐसा होने से रायपुर में बेहतर ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम तैयार होगा।
नगर निगम के महापौर ने कहा कि 2022 से हम रायपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और रायपुर में लाइट मेट्रो को लेकर रसिया से लगातार संपर्क में थे। लाइट मेट्रो चलाने के प्रोजेक्ट में लगभग 400 से 500 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।