🔴7000 अधिकारी और कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
सीजी न्यूज ऑनलाइन 25 अप्रैल 2026। सेल प्रबंधन ने अपने अधिकारी और कर्मचारियों के लिए पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी है। 30 जून 2026 को सभी इकाइयों में लगभग 7,000 संयंत्रकर्मियों को इसका लाभ मिलेगा।
SAIL Employee promotion स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) प्रबंधन कंपनी में काम करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों को पदोन्नति की सौगात देने जा रही है। इस बाबत विभागीय प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
प्रमोशन ऑर्डर 30 जून 2026 को सेल के भिलाई स्टील (Bhilai Steel), बोकारो स्टील (Bokaro Steel), दुर्गापुर स्टील (Durgapur Steel), बर्नपुर स्टील (Burnpur Steel), राउरकेला स्टील (Rourkela Steel) सहित सभी इकाइयों में एक साथ जारी किया जाएगा।
पूर्व में सेल मुख्यालय पदोन्नति के हकदार संयंत्रकर्मियों के सीसीआर में मिले ग्रेड के मूल्यांकन कार्य में अभी से ही जुट गया है। इनमें ऐसे अधिकारी व कर्मचारी, जिन्हें सीसीआर में ‘सी’ ग्रेड दिया गया है, उन्हें पदोन्नति के लाभ से वंचित रखा जाएगा।
अनाधिशासी संवर्ग में एस-1 से एस-10 ग्रेड तक पदोन्नति दी जाएगी। जबकि अधिकारी वर्ग में सहायक प्रबंधक से लेकर उप महाप्रबंधक ग्रेड तक का प्रमोशन ऑर्डर जारी किया जाएगा। नव प्रोन्नत अधिकारियों में कई का तबादला उनके वर्तमान विभाग से दूसरे विभाग तथा कंपनी की अन्य इकाइयों में भी किए जाने की योजना सेल प्रबंधन की है।
कंपनी की इकाइयों में साक्षात्कार कमेटी का गठन
महारत्न कंपनी सेल में कर्मचारियों को उनके विभागीय कार्यप्रणाली तथा सीसीआर में मिले ग्रेड के आधार पर प्रमोशन दिया जाएगा। इनमें प्रबंधन का पहला फोकस ऐसे कर्मियों को पदोन्नति देने पर होगा, जो बीते तीन-चार साल से एक ही ग्रेड में कार्यरत हैं।
जबकि अधिकारी वर्ग में प्रबंधक से लेकर उससे ऊपर के ग्रेड के अफसरों के लिए सीसीआर में मिले ग्रेड के साथ साक्षात्कार की प्रक्रिया अनिवार्य होगी। इसके लिए बाकायदा BSP सहित सेल की सभी इकाइयों में अगले माह तक साक्षात्कार कमेटी का गठन कर लिया जाएगा।
जहां कमेटी में बतौर चेयरमैन संबंधित इकाई के अधिशासी निदेशक के साथ सदस्य के तौर पर अलग-अलग विभागों के मुख्य महाप्रबंधक शामिल रहेंगे, जो पदोन्नति के हकदार अधिकारियों का साक्षात्कार लेंगे।
साक्षात्कार में सफल अफसरों को ही प्रमोशन का लाभ दिया जाएगा। प्रबंधन ने यह निर्णय पदोन्नति की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए लिया है।

