गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड के लिए की चोरी, प्रेमी के साथ रायपुर से गिरफ्तार

गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड के लिए की चोरी, प्रेमी के साथ रायपुर से गिरफ्तार


🔴शादी की व्यस्तता का उठाया फायदा, ₹23,500 नकदी और दो मोबाइल बरामद

भिलाईनगर, 04 जुलाई 2026। दुर्ग जिले के सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी पुलिस ने वृद्ध महिला के घर में केयरटेकर के रूप में कार्यरत नौकरानी और उसके प्रेमी को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की ₹23,500 नगदी और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹43,500 की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार सूर्या विहार कॉलोनी, जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध माता की देखरेख के लिए पिछले करीब दो वर्षों से ममता चौहान (27) को केयरटेकर के रूप में रखा गया था। 26 और 27 जून को घर में शादी समारोह होने के कारण परिवार के सभी सदस्य व्यस्त थे। इसी दौरान ममता ने मौका पाकर अलमारी में रखी नगदी चोरी कर ली और बिना किसी सूचना के घर छोड़कर फरार हो गई।

शिकायत के आधार पर सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 933/2026 के तहत धारा 306 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके आधार पर पुलिस टीम ने रायपुर से ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा (27) को हिरासत में लिया।

पूछताछ में ममता ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा ने पैसों की जरूरत बताते हुए उसे चोरी करने के लिए उकसाया था। उसके कहने पर उसने घर की अलमारी से नगदी चोरी की थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की ₹23,500 नगदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य ₹43,500 बताया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू सहायकों और केयरटेकर का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।