गैंगस्टर तपन सरकार का भांजा हिरासत में, अवतार की हत्या मामले में पूछताछ जारी

गैंगस्टर तपन सरकार का भांजा हिरासत में, अवतार की हत्या मामले में पूछताछ जारी


भिलाई नगर, 29 मार्च। दुर्ग के एक बदमाश की गैंगस्टर तपन सरकार के गुर्गों ने मिलकर हत्या कर दी है।

आपको बता दें कि यह पूरा मामला कल रात दुर्ग जिले के जेवरा चौकी क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि आपसी रंजिश से जुड़े इस मामले में गैंगस्टर तपन सरकार के भांजे आकाश मजूमदार और एक अन्य को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

हाल ही में जेल से छूटते ही दीपक ठाकुर ने अवतार मरकाम से बदला लेने के लिए साजिश रची। उसने कल रात आकाश मजूमदार और मुकेश चीरा के साथ मिलकर अवतार मरकाम की हत्या कर दी। आकाश मजूमदार ने अवतार मरकाम को फोन कर दीपक से पुराने मामले में सुलह करवा देने की बात कहते हुए इंदर ढाबा बुलाया।

फोन के बाद अवतार देर रात इंदर ढाबा के पास पहुंचा। वहां पहले से दीपक ठाकुर और मुकेश चीरा मुंह में नकाब बांध कर खड़े हुए थे। जैसे ही अवतार ढाबा के पास पहुंचा, दोनों ने मिल कर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची तो अवतार गंभीर हालत में मिला। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तपन सरकार के भांजे आकाश मजूमदार सहित एक अन्य को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।