ज्वेलरी शाॅप से फुल्ली उड़ाने वाली महिलाएं पकडा़यीं, विडियो भी देखें कैसे की चोरी….!

ज्वेलरी शाॅप से फुल्ली उड़ाने वाली महिलाएं पकडा़यीं, विडियो भी देखें कैसे की चोरी….!



🔴 जामुल पुलिस ने किया खुलासा, नंदिनी रोड और केम्प-1 से पहुंची थीं ज्वेलरी शाॅप
भिलाई नगर, 5 अक्टूबर। भिलाई के एक ज्वेलरी शाॅप से दिनदहाडे़ 25 नग सोने की फुल्ली चोरी कर निकलने वाली महिलाओं की पहचान हो गई है। जामुल पुलिस की आरोपी महिलाओं से पूछताछ जारी है। चोरी की कारस्तानी शाॅप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी जिसके आधार पर आरोपी महिलाओं तक पहुंचने पुलिस टीम को आसानी हुई।


घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कैलाश नगर कुरूद स्थित काॅकन ज्वेलर्स के संचालक 31 वर्षीय रामकुमार सिंह निवासी सन मैरिज पैलेस के बाजू कैलाश नगर की ज्वेलरी शाॅप कुरूद रोड पर है। शनिवार को दुकान में सुबह करीब पौने 12 बजे दो अज्ञात महिला दुकान में आई। इस दौरान अन्य ग्राहक भी पहले से मौजूद थे। महिलाओं ने इसी दौरान सोने के कान की बाली, झुमका, टाप्स दिखाने कहा। ज्वेलर्स ने उन लोगो को बोला कि थोड़ा बैठिए, ग्राहक को सामान दिखा रहा हूं खाली होते ही आपको दिखा रहा। उसी दौरान शाॅप में रखे कागज के पत्ते में लगे 25 नग वाली सोने की फुल्ली की ट्रे वो दोनों देखने लगी और एक पत्ता धीरे से गायब कर दिया जिसमें 25 नग सोने की फुल्ली की। रामकुमार ने बताया कि 25 नग सोने की फुल्ली का कुल वजन 7.5 तथा कीमत 45 हजार रुपये है। उन्होंने जामुल थाना पहुंच घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाया है। एएसआई पीसी यादव ने बताया कि इस मामले में धारा 34 और 380 के तहत जुर्म पंजीबद्ध कर जामुल पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की तलाश में जुटी थी। महिलाओं की पहचान भी हो गई है, उन्हें थाना लाया गया है, पूछताछ जारी है।
जामुल थाना प्रभारी याकूब मेमन ने बताया कि कुरुद गांव में कानन ज्वेलर्स में चोरी की शिकायत मिली थी। पुलिस जब जांच करने पहुंची दुकानदार ने बताया कि उसके यहां से 7.5 ग्राम वजनी सोने की फुल्ली जिसकी कीमत 45 हजार रुपए है चोरी हो गई हैं। पुलिस ने बिना देरी किए दुकान की पूरी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि दो महिलाएं सुबह 11:45 बजे दुकान कुछ खरीदने आई हैं। दोनों ने मिलकर दुकानदार को भ्रमित किया और पलक झपकते ही फुल्ली से भरा हुआ पैकेट चुरा लिया। महिलाओं का फुटेज निकाला गया और उसके बाद लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ में पता चला कि एक महिला का नाम ए मीना पति कमल कुमार (27 वर्ष) निवासी सेक्टर-11 जोन-1 देना बैंक के पीछे एवं दूसरी महिला का नाम एस नीला उर्फ कुंडी राव पति दिवाकर राव (32 वर्ष) निवासी छावनी थाना अंतर्गत कैंप-1 गुरुद्वारा के पास रहती है। पुलिस ने दोनों महिलाओं को पकड़कर उनके पास से चोरी का माल जब्त कर लिया है।