दोस्त को 40 हजार की एलईडी फाइनैंस में मदद करना पड़ गया भारी, डंडे से पीट घर से भगाया
भिलाई नगर, 5 जनवरी। अपने दोस्त के लिए खुद के नाम पर एलईडी फाइनैंस करवाना एक खटाल कर्मी पर भारी पड़ गया। किश्त जमा न होने पर जब वह शिकायत करने पहुंचा तो दोस्त ने मारपीट कर उसे भगा दिया। इस मामले में सुपेला थाना में अपराध पंजीबद्ध हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय विजय चौहान कोहका स्थित नंद किशोर के खटाल में काम करता है। अक्टूबर महीने में कोहका भेलवा तालाब के समीप निवासी उसके परिचित राज सिंह चौहान ने हिमालय कांप्लेक्स की शाप से विजय चौहान की अनुमति से 40 हजार रूपये का टीवी फाइनेंस करवाया और टीवी अपने घर में लगाकर उपयोग कर रहा है। टीवी के लिए उसने साढ़े नौ हजार डाउन पेमेंट कर शेष राशि विजय चौहान के परिचय का आधार बताते हुए फाइनेंस करवाया। फाइनेंसर ने विजय को फोन कर बताया कि राज चौहान किश्त जमा नहीं कर रहा। जानकारी बाद विजय भेलवा तालाब राज के घर शाम 4:30 बजे गया और टीवी का उधारी पैसा दुकान में पटाने कहा तो राज ने रूपया देने से मना करते हुए कहा कि फाइनेंस तुम्हारे नाम है तो तुम्ही जमा करो। विरोध पर राज चौहान गाली गुप्तार पर उतर आया और विजय को डंडा से पीट घर से भगा दिया। मारपीट से विजय के बांह में चोट आई है। घायल विजय ने पत्नी के साथ सुपेला थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाया है। आरोपी राज चौहान के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत कार्रवाई की गयी है।

