🔴 बिजली गुल होने का उठाया फायदा
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 03 अगस्त। कोरबा जिला जेल से शनिवार दोपहर रेप के आरोप में बंद चार आरोपी फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। मौका देख 25 फीट ऊंची दीवार फांद दी और 15 मिनट में आंखों से ओझल हो गए। हैरानी की बात ये रही कि जेल की बिजली गुल थी और पूरी भागदौड़ के दौरान सुरक्षाकर्मियों को भनक तक नहीं लगी।
घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। उससे कुछ पहले 3 बजे के आसपास जेल की बिजली चली गई। इसी दौरान चारों आरोपियों ने पहले से रची गई योजना के तहत फेंसिंग वायर पर तार फेंका और एक-एक कर दीवार पर चढ़ने लगे। 15 मिनट के भीतर सभी बाहर थे।
भागने की यह पूरी घटना जेल परिसर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि दो आरोपी दीवार से कूदकर घास के मैदान में उतरते हैं, दो अन्य दीवार के किनारे से उतरते दिखाई देते हैं। चौथा आरोपी तो दीवार फांदकर आराम से चलते हुए निकल जाता है।
जेल से मिली जानकारी के अनुसार, फरार हुए दो आरोपियों को जेल के अंदर मवेशियों की देखरेख में लगाया गया था। इसी दौरान उन्होंने अपने दो साथियों के साथ भागने की साजिश रची।
शाम 4 से 5 बजे के बीच जब एक प्रहरी निगरानी राउंड पर निकला, तो उसने देखा कि मवेशी तो बंधे हैं लेकिन चारों युवक अपनी बैरकों में नहीं हैं। शक होने पर सीसीटीवी देखा गया, तब भागने की सच्चाई सामने आई।
फरार चारों आरोपी रेप और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामलों में जेल में बंद थे। इनमें शामिल हैं-सना सिंह (थाना बालको क्षेत्र), राजा कंवर (रजगमार चौकी क्षेत्र), दशरथ (सिविल लाइन थाना) तथा चंद्रशेखर कुमार (श्याम थाना क्षेत्र)।
घटना की खबर मिलते ही जिला पुलिस हरकत में आ गई। सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि सभी थानों और चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। रायगढ़ निवासी एक आरोपी सहित अन्य तीन कोरबा के रहने वाले हैं। इनके परिजनों को भी सचना दी गई है। पांच पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

