एक घर से साथ उठी चार अर्थियां, पिता ने कांपते हाथों से जलाईं बेटों की चिता
रायसेन, 27 सितंबर। रायसेन जिले में एक ही घर से एक ही परिवार के 4 लोगों की अर्थी निकली। जिस किसी ने यह हृदय विदारक दृश्य देखा वह रो पड़ा। इस दुःखद घटना को जान आस-पड़ोस के लोग भी रोए जा रहे थे। अंतिम संस्कार में सैंकड़ों लोग पहुंचे। दरअसल, शुक्रवार को रीवा जिले के सिंगल किटवारिया बायपास पर एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। शनिवार शाम तक शवों का पोस्टमॉर्टम कर रायसेन जिले के सुल्तानपुर भेजा गया। देर रात होने के चलते अंतिम संस्कार नहीं हो सका। इसलिए दो दिन बाद रविवार दोपहर को अंतिम संस्कार किया गया। बुर्जुग पिता ने अपने कांपते हाथों से दो जवान बेटों को मुखाग्नि दी। ट्रक और टवेरा की टक्कर में एक परिवार के चार लोगों की मौत हुई थी। यह हादसा रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र में हुआ था। मृतक रायसेन के सुल्तानपुर के वंशकार परिवार के हैं। ये सभी उत्तरप्रदेश के प्रयागराज से अस्थियां विसर्जित कर लौट रहे थे। रीवा पुलिस ने मृतकों की पहचान विनोद वंशकार (27), शशि वंशकार (50), मयंक (16) और वैशाली वंशकार (16) के रुप में की थी।

