पुलिस अधिकारी बनकर कॉल करने और थाने में हंगामा करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधिकारी बनकर कॉल करने और थाने में हंगामा करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार



दुर्ग, 18 फरवरी 2026। पुलिस अधिकारी का प्रतिरूप धारण कर फोन करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा थाना परिसर में झगड़ा करने के मामले में थाना पुलगांव पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक अजय बहादुर (38 वर्ष), निवासी सोहम सिटी महमरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उधारी राशि के विवाद को लेकर अनावेदक छतर सिंह उर्फ राजू देशलहरे ने अपने मोबाइल नंबर में पुलिस चौकी अंजोरा का डीपी लगाकर कॉल किया, जिससे पुलिस अधिकारी होने का भ्रम उत्पन्न हुआ।
मामले की जानकारी मिलने पर आवेदक थाना पहुंचा। इस दौरान संबंधित पक्ष के चार व्यक्ति थाना पुलगांव आए, जो शराब के नशे की हालत में पाए गए। जांच में वाहन चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपियों ने थाना परिसर में विवाद और झगड़ा कर शांति भंग की।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश्वर रजक (35 वर्ष), टोमन निषाद (29 वर्ष), चेतन राम साहू (29 वर्ष, निवासी ग्राम सकरा थाना सोमनी जिला राजनांदगांव) एवं छतर सिंह उर्फ राजू देशलहरे (35 वर्ष, निवासी ग्राम तनोट चौकी अंजोरा थाना पुलगांव जिला दुर्ग) शामिल हैं।
पुलिस ने एक चार पहिया वाहन एवं संबंधित मोबाइल फोन जब्त किया है। उक्त कार्रवाई में थाना पुलगांव के उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं पेट्रोलिंग स्टाफ की त्वरित भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का झूठा प्रतिरूप धारण कर भ्रम उत्पन्न न करें तथा शासकीय कार्य में बाधा न डालें। शराब सेवन कर वाहन चलाने एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।