नेचर ग्रीन कंपनी के भुगतान को रोकने पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, सफाई ठेके के नाम पर भ्रष्टाचार करने का आरोप
भिलाई नगर 15 सितंबर । भिलाई नगर निगम द्वारा किये गये सफाई ठेके में भारी भ्रष्टाचार की जांच करने एवं नेचर ग्रीन कंपनी के भुगतान को तत्काल रोकने का आग्रह पूर्व नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन द्वारा नगर निगम भिलाई में नव पदस्थ आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे से किया है।
रिकेश सेन द्वारा निगम आयुक्त को दिए गए ज्ञापन में उल्लेखित किया है कि नगर पालिक निगम भिलाई के द्वारा शहर को साफ-सुथरा रखने टैण्डर निकाला गया, जिसमें प्रतिमाह साफ-सफाई रखने हेतु लगभग एक करोड़ 90 लाख रुपये का टेण्डर किया गया, जिसमें नेचर ग्रीन नामक कंपनी को टैण्डर दिया गया। नेचर ग्रीन ऐसी कंपनी है जिसके पास लेबर लायंसेस भी नहीं है न ही श्रम विभाग छ.ग. से संबंधित कोई भी दस्तावेज इस कंपनी के पास था। उसके बावजूद भी कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से नगर पालिक निगम भिलाई को आर्थिक क्षति पहुंचाने एवं अपने लाभ के लिये संबंधित कंपनी को ठेका दे दिया गया है। इस मामले को लेकर जानकारी मिली की श्रम आयुक्त ने निगम प्रशासन को पत्र लिखकर तत्काल भुगतान रोकने को कहा है। लेकिन उसके बावजुद निगम प्रशासन ने श्रम आयुक्त के पत्र को दरकिरार कर लगातार संबंधित कंपनी को भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों के पी.एफ.आई.पी. एड्रेस से संबंधित कई भ्रष्टाचार लगातार किया जा रहा है। लगातार हो रहे सफाई ठेके मेंअनियमितता की जा रही है और सफाई के नाम पर भिलाई निगम में भारी भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है। जिससे यह प्रतीत होता है कि कुछ अधिकारी कर्मचारी मिलकर मिलाई निगम को आर्थिक क्षति पहुंचाने का काम कर रहे हैं। तत्काल नेचर ग्रीन कंपनी का भुगतान रोका जाये और सभी उन अधिकारी पर तत्काल कार्यवाही की जाये । जिन्होने निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है,यह मामला आर्थिक अपराध की श्रेणी में आता है।

