🔴शिवनाथ खतरे के निशान से आधा फीट ऊपर, डी-मार्ट तक पहुंचा पानी; 160 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
दुर्ग, 26 सितंबर 2026। जिले में लगातार हुई भारी बारिश से शिवनाथ और खारून नदी उफान पर हैं। शिवनाथ नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब आधा फीट ऊपर पहुंच गया है। बाढ़ का पानी डंडेसरा, चांगोरी और पुलगांव चौक की ओर बढ़ते हुए डी-मार्ट दुर्ग तक पहुंच गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई पुलों, एनीकट और एप्रोच रोड पर आवागमन बंद कर दिया है।
160 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू
एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार रात से शनिवार शाम 4 बजे तक जिले के अलग-अलग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 160 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पार्षद, कुम्हारी, चांगोरी, अमलेश्वर और डंडेसरा सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया गया।

एसडीआरएफ की टीमें अभी भी कुम्हारी और शिवनाथ नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं। सूचना मिलने पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
शिवनाथ में 25-26 हजार क्यूसेक पानी की आवक
जल संसाधन विभाग के एसडीओ गौरव सिंह ने बताया कि भारी बारिश के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा था। बारिश रुकने के बाद फिलहाल जलस्तर स्थिर है, लेकिन नदी में पानी की आवक बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि दोपहर तक मोगरा, घुमरिया, सूखा नाला और खातुटोला बैराज से करीब 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जिसे घटाकर अब लगभग 11 हजार क्यूसेक किया गया है। वहीं तांदुला जलाशय से करीब 15 से 16 हजार क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई है।
इस तरह शिवनाथ नदी में विभिन्न जलाशयों से कुल करीब 25 से 26 हजार क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई है।
महमरा एनीकट के ऊपर साढ़े 12 फीट पानी
एसडीओ गौरव सिंह के अनुसार महमरा एनीकट के ऊपर करीब साढ़े 12 फीट पानी बह रहा है, जो खतरे के निशान से लगभग आधा फीट ऊपर है। बारिश थमने के बाद जलस्तर फिलहाल स्थिर बताया जा रहा है।
कई रास्ते पूरी तरह बंद
एडीएम दुर्ग वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिले के उन सभी एनीकट और नदी-पुलों के मार्गों को बंद कर दिया गया है, जहां से पानी ऊपर से बह रहा है।
उन्होंने बताया कि अमलेश्वर-रायपुर मार्ग पर खारून नदी का पानी करीब 4 फीट ऊपर बह रहा है, जिसके चलते मार्ग बंद कर दिया गया है। महादेव घाट पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी रोक दिया गया है।
इसी तरह दुर्ग में शिवनाथ नदी पर बने छोटे पुल, महमरा एनीकट और पुलगांव नाले पर बने पुल से आवागमन बंद किया गया है। शिवनाथ नदी का पानी पुलगांव पुल के ऊपर से बह रहा है और बाढ़ का पानी डी-मार्ट तक पहुंच गया है।
धमधा में भी पुल बंद
धमधा ब्लॉक में समोदानाला के ऊपर बने पुल पर पानी बहने के कारण उसे भी आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से बंद किए गए मार्गों पर जाने से बचने और नदी-नालों के तेज बहाव से दूर रहने की अपील की है।

प्रभावित क्षेत्रों में SDRF तैनात
एसडीआरएफ प्रभारी एवं जिला सेनानी नागेंद्र सिंह ने बताया कि कल रात से शनिवार शाम 4 बजे तक करीब 160 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला गया है। कुम्हारी क्षेत्र और शिवनाथ नदी के आसपास के प्रभावित इलाकों में एसडीआरएफ की टीमें लगातार तैनात हैं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

