कन्वेंशनल हॉल के डिजाइन में खामियां मिलीं, आर्किटेक्ट फर्म पर बड़ी कार्रवाई

कन्वेंशनल हॉल के डिजाइन में खामियां मिलीं, आर्किटेक्ट फर्म पर बड़ी कार्रवाई


रायपुर, 11 सितंबर 2026। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी शुद्धता और सुरक्षा मानकों को लेकर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने सख्त कार्रवाई की है। जिला कोरबा में निर्मित कन्वेंशनल हॉल के डिटेल डिजाइन में त्रुटियां और तकनीकी प्रस्ताव में कमियां पाए जाने के बाद मंडल ने जी.टी. डिज़ाइन स्टूडियो, रायपुर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न योजनाओं में फर्म के अनुबंध समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में फर्म को कोई नया कार्य नहीं देने का निर्णय लिया गया है।

चार योजनाओं में समाप्त होंगे अनुबंध

मंडल के निर्देश पर जी.टी. डिज़ाइन स्टूडियो से संबंधित वर्तमान कार्यों के अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इनमें रिडेवलपमेंट योजना कैलाश नगर, राजनांदगांव; रिडेवलपमेंट योजना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर; आवासीय योजना कबीर नगर फेस-02 (5 एकड़ भूमि); और अटल विहार योजना बंधी, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही शामिल हैं।

संबंधित योजनाओं के कार्यपालन अभियंताओं को फर्म को लिखित सूचना देकर नियमानुसार अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अनुबंध समाप्त होने के बाद इन योजनाओं में फर्म को किसी भी प्रकार का आगामी कार्य नहीं दिया जाएगा। नियमानुसार किसी भी दावे के भुगतान की कार्रवाई भी नहीं की जाएगी।

कारण बताओ नोटिस का जवाब भी नहीं माना संतोषजनक

मंडल ने तकनीकी खामियों के मामले में संबंधित फर्म को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। फर्म की ओर से प्रस्तुत पालन प्रतिवेदन और स्पष्टीकरण का अपर आयुक्त द्वारा परीक्षण किया गया, लेकिन उसे संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद मंडल ने अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं

मंडल ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में डिजाइन की शुद्धता, तकनीकी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। गत दिनों वास्तुविदों की बैठक में भी डिजाइन संबंधी त्रुटियों और तकनीकी लापरवाही पर संबंधित फर्म की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल की योजनाएं सीधे आम नागरिकों के हितों से जुड़ी हैं। इसलिए गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निर्माण की शुरुआत से लेकर पूर्णता तक डिजाइन, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता की जिम्मेदारी से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि डिजाइन और तकनीकी प्रस्ताव निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। डिजाइन में त्रुटि अथवा तकनीकी लापरवाही मिलने पर संबंधित फर्म की जवाबदेही तय कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंडल की योजनाओं में गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

मंडल ने दोहराया है कि शासकीय निर्माण योजनाओं में तकनीकी मानकों के उल्लंघन या लापरवाही पर संबंधित एजेंसी अथवा फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।