🔴सोशल मीडिया पर रौब झाड़ने की कोशिश, पुलिस ने दिखाई सख्ती
दुर्ग, 27 मई 2026। दुर्ग जिले के रानी तराई थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर धारदार हथियार के साथ आपत्तिजनक पोस्ट डालकर दबंगई दिखाना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हथियारों के साथ पोस्ट कर फैलाई दहशत
पुलिस के मुताबिक ग्राम औसर के कुछ युवकों द्वारा इंस्टाग्राम पर धारदार हथियार के साथ फोटो और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन पोस्टों को लेकर क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बनने लगा था। मामला समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
थाना रानी तराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित युवकों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट अपलोड करना स्वीकार कर लिया।
लोक शांति भंग करने का आरोप
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियां कानून व्यवस्था और लोक शांति को प्रभावित करने वाली पाई गईं। इसके बाद दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया और 26 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में —
▪️तुलाराम गायकवाड़ (22 वर्ष), निवासी ग्राम औसर
▪️गुलशन भारती (20 वर्ष), निवासी ग्राम औसर शामिल हैं।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त
मामले में पुलिस ने इंस्टाग्राम पोस्ट से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं : पुलिस
दुर्ग पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, भय पैदा करने वाली पोस्ट या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है।

