सुपेला में बैंक मैनेजर, स्टाफ और प्रतिनिधि के खिलाफ एफआईआर दर्ज
भिलाई नगर, 14 अप्रैल। सुपेला पुलिस ने पीड़ित उपभोक्ता की शिकायत पर जाँच पश्चात यश बैंक के मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बैंक मैनेजर पर आरोप है कि उसने अपने कर्मचारी के साथ मिलकर उसके दोस्त को धोखे में रखकर फर्जी एकाउंट खोला और किसी दूसरे के द्वारा इस एकाउंट में ट्रांजेक्शन किया जा रहा था। जब खाताधारक को इस बारे में पता चला तो वह उस एकाउंट को बंद कराने बैंक पहुंचा तो बैंक मैनेजर और स्टाफ ने मिलकर उससे दुर्व्यवहार और मारपीट की।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि शांतिनगर निवासी हरिकांत द्विवेदी ( 24 वर्ष) वर्तमान में उतई आईडीएफसी बैंक में एमआरओ हैं। उनका आरोप है कि 4 साल पहले उसकी दोस्ती हाउसिंग बोर्ड निवासी साहिल महिलांगे से हुई थी। एक महीने साहिल ने उसे बताया कि वह यश बैंक सुपेला में काम करता है, उसे यस बैंक में खाता खुलवाने का टारगेट मिला है इसलिए वह अपना एक खाता यस बैंक में खुलवा ले फिर भले जरूरत न होने पर वह उसे कभी भी बंद करा देगा।हरिकांत राजी हो गया तो उसे सुपेला यश बैंक के मैनेजर के पास ले गया। बैंक मैनेजर के कहने पर हरिकांत ने सभी जरूरी दस्तावेज और मोबाइल नम्बर दे दिया। बैंक की स्टाफ मैडम ने हरिकांत से पूछा कि उसके द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर और किसी बैंक में जुड़ा तो नहीं। हरिकांत ने बताया कि यह नम्बर एसबीआई और बंधन बैंक से जुड़ा है तब मैनेजर ने दूसरा मोबाइल नम्बर मांगा जो हरिकांत के पास नहीं था।इसके बाद उसने अपनी ईमेल आईडी दी और एकाउंट खुलवाने एक रुपए भी नहीं देने पडे़। कुछ दिन पहले बैंक एकाउंट में अचानक कुछ ट्रांजेक्शन का मैसेज आया तो हरिकांत को दूसरे के द्वारा खाता संचालित किए जाने का शक हुआ। वह तुरंत यश बैंक पहुंचा और अपना एकाउंट बंद कराने की बात कही तो उसका दोस्त और बैंक मैनेजर ऐतराज करने लगे। जब हरिकांत नहीं माना तो उसने बैंक के कर्मचारियों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने आरोपी साहिल महिलांगे, यश बैंक की मैनेजर और स्टॉफ के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 417, 34 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

