भिलाईनगर, 16 जुलाई 2026। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 10.55 लाख रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, स्वेच्छा रानी (30 वर्ष), निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2022 में वह श्री शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थीं। उसी दौरान अस्पताल में अटेंडर के पद पर कार्यरत बिज्जू चंद्रा, निवासी दल्लीराजहरा, जिला बालोद से उनकी पहचान हुई।
शिकायत के मुताबिक, बिज्जू चंद्रा ने उन्हें चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल, कचांदूर तथा जिला अस्पताल दुर्ग में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में 4 लाख 72 हजार रुपये नकद तथा अपने बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एचडीएफसी बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों में 5 लाख 83 हजार 698 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। इस तरह आरोपी ने कुल 10 लाख 55 हजार 698 रुपये प्राप्त किए।
पीड़िता का आरोप है कि रुपए लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगाने का झांसा देता रहा। बाद में उसने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और पैसे वापस मांगने पर धमकी देते हुए कहा कि “जो करना है कर लो।”
महिला की शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1000/2026 दर्ज करते हुए आरोपी बिज्जू चंद्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

