मरोदा में वकील और होटल संचालक के बीच मारपीट, काउंटर रिपोर्ट दर्ज
भिलाई नगर, 25 फरवरी। नेवई थानांतर्गत एक होटल में जलपान करने गए अधिवक्ता से संचालक का रूपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ जो कि धक्कामुक्की से मारपीट तक जा पहुंचा। होटल संचालक और वृद्ध अधिवक्ता को लड़ते देख लोगों ने बीचबचाव कर उन्हें अलग किया। शिकायत करने अधिवक्ता और होटल संचालक दोनों थाना पहुंच और एक-दूसरे के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया कि टंकी मरोदा निवासी अधिवक्ता लोकेश मिश्रा (70 वर्ष) सुबह 8:30 बजे गृह कार्य के लिये लेबर लेने आए थे। जहां से तीन महिला लेबर को साफ सफाई कराने घर ले जाने से पहले उनके आग्रह पर चाय पिलाने देवांगन होटल टंकी मरोदा करीबन 9ः30 बजे पहुंच। वहाँ चारों ने नाश्ता चाय किया जिसका बिल 73 रूपये का भुगतान करते समय अधिवक्ता ने एक रूपये का सिक्का बदलने के लिये दिया तो काउंटर पर बैठे संचालक ने झुंझलाते हुए उन्हें अपशब्द कह दिया। वकील ने विरोध जताया तो बात धक्का मुक्की तक जा पहुंची। तभी होटल संचालक का बेटा भी आया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। अधिवक्ता की छाती और कंधे में चोट आई है। होटल संचालक देवेंद्र देवांगन (27 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वकील ने 100 रू का नोट दिया उसे 27 रूपये वापस करने पर विवाद करने लगे। मारपीट में देवेंद्र के पिता केशव के हाथ में चोट आई है। काउंटर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।

