भिलाईनगर, 09 जून 2026। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना जामुल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि थाना जामुल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला हेरोइन की बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।
महिला आरक्षक की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान आरोपी महिला के पास से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), मादक पदार्थ बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये नकद तथा एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 97 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजविन्दर कौर (25 वर्ष) निवासी एलआईजी-312, हाउसिंग बोर्ड, भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 27(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से हेरोइन की बिक्री कर रही थी। गिरफ्तार महिला को न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

