महिला प्रधान आरक्षक 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की ट्रैप

महिला प्रधान आरक्षक 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की ट्रैप


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 23 जुलाई 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जगदलपुर की टीम ने बस्तर जिले के कोड़ेनार थाने में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी के अनुसार, बंगालू यादव, निवासी ग्राम कोड़ेनार, बास्तानार (जिला बस्तर) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने खेती के लिए अपने नाम से एक आयशर ट्रैक्टर (क्रमांक CG 17 KY 1023) खरीदा था। ट्रैक्टर को उसने घरेलू कार्य के लिए ग्राम बड़े काल्लूर निवासी बुधराम को दिया था।

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क पर चलते समय एक व्यक्ति गिर गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले की जांच कोड़ेनार थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पिलेश्वरी साहू कर रही थीं।

आरोप है कि ट्रैक्टर के जब्ती दस्तावेज देने और वाहन को सुपुर्दनामा पर छोड़ने के एवज में प्रधान आरक्षक ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत देना नहीं चाहता था। उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने गुरुवार को ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी प्रधान आरक्षक को 10 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।