रात 12 बजे बियर न देने पर होटल मैनेजर पर प्राणघातक हमला, आशीष होटल में जमकर उत्पात, स्टाफ से मारपीट, देर रात चलती रही गुंडागर्दी
भिलाई नगर, 12 नवंबर। कल देर रात पावर हाउस स्थित होटल आशीष में बियर न देने से नाराज युवकों ने न सिर्फ तोड़फोड़ की बल्कि स्टाफ को पीटते हुए उनसे नगदी और एटीएम भी छीन लिया। आरोपी युवकों के जाने के बाद जब मैनेजर ने छावनी थाना में घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाने गया तो बदले की नियत से आरोपी हथियार से लैस हो पुनः होटल पहुंचे और डंडे चाकू से हमला बोल सहायक मैनेजर और स्टाफ को जमकर पीटा है। देर रात तक चले इस घटनाक्रम में जमकर आरोपी युवकों ने उत्पात मचिया है। छावनी पुलिस दोनों बार कारित अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। देर रात जबरन होटल में बियर मांगने और न देने पर की गयी यह गुंडागर्दी छावनी थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे होटल में होना चर्चा का विषय बनी हुई है।
छावनी पुलिस ने बताया कि आशीष होटल, पावर हाऊस में मैनेजर रामनिवास पटेल ने जानकारी दी कि कल रात ड्युटी पर उसके साथ बलराम, अचितो मंडल, देवाशिष थे तभी रात्रि करीबन सवा 12 बजे कार सीजी 22-8100 एवं बाइक सीजी-07 सीई 5681 में सवार तीन युवक असलम, जावेद खान, कुणाल पटनायक होटल गेट के सामने आये और बियर मांगने लगे। होटल का बार बंद हो चुका था इसलिए मैनेजर ने उन्हें मना कर दिया। तब तीनों होटल कांच वाले गेट को जबरदस्ती तोड़ कर होटल परिसर में घुसे और स्टाफ से गाली गलौज करने लगे। सभी से मारपीट करते हुए कुणाल पटनायक ने रामनिवास की जेब से 700 रूपये नगद व आधार कार्ड तथा एटीएम कार्ड जबरदस्ती छीन लिया और होटल का दरवाजा तोड़ भाग निकला। मारपीट से मैनेजर के दाएं कंधे में, बलराम को नाक में, अचिंतो को पीठ और बाएं हाथ में चोट आयी है। स्टाफ ने बताया कि असलम ने बेल्ट से मारपीट की है। घटना की रिपोर्ट करने के दौरान आरोपी कुछ अन्य साथियों के साथ पुनः होटल आ धमके।सहायक मैनेजर देवाशीष कारक ने पुलिस को बताया कि मैनेजर राम निवास पटेल सहित अन्य कर्मचारियो से मारपीट कर सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए भागने के बाद बदला लेने की नियत से रात्रि लगभग 1 बजे असलम अपने साथी जावेद खान, कुणाल पटनायक, विनीत, यादवेंद्र के साथ लाठी एवं चाकू से लैंस होकर यादवेंद्र, कुणाल एवं विनित समेत होटल आया और चाकू निकाल जान से मारने की धमकी देकर वाद विवाद करने लगा। असलम एवं जावेद ने सहायक मैनेजर पर चाकू से प्राणघातक हमला किया जिससे उसके बांये हाथ में चोट आई है, आरोपियों के चंगुल से देवाशीष निकल भागा और मालिक आशीष गुप्ता को फोन से सूचना दी। देवाशीष की रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने असलम, जावेद खान , कुणाल पटनायक, विनीत, यादवेंद्र के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 323, 457 व 506 के तहत जुर्म दर्ज किया है जबकि रामनिवास की रिपोर्ट पर असलम, जावेद और कुणाल के खिलाफ 294, 323, 34, 394, 427, 457, 506 के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।

