भिलाई नगर, 17 सितंबर। दुर्ग जिले से शिक्षक पात्रता परीक्षा 2022 में शामिल होने के लिए 53 हजार 623 उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया है। पहली पारी की परीक्षा में 27 हजार 823 और दूसरी पारी में 25 हजार 800 उम्मीदवार शामिल होंगे। उम्मीदवारों की संख्या को देखते हुए दोनों पालियों के परीक्षा केंद्रों की संख्या भी अलग-अलग है। पहली पाली में 76 परीक्षा केंद्र होंगे तो दूसरी पाली में 69 केंद्र बनाए गए हैं।
00 नियम बदलने से अभ्यर्थियों को मिलेगा फायदा
गौरतलब हो कि पहली बार होगा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 2022 में सफल उम्मीदवारों को आजीवन शिक्षकीय कार्य और शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पात्रता होगी। ऐसा नियम होने से अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस नियम से इस परीक्षा को पास करने वाले अभ्यर्थियों को आजीवन फायदा मिलेगा। पूर्व में ऐसा नहीं था, परीक्षा पास करने वाले हर अभ्यर्थी को 7 साल बाद दोबारा तैयारी करनी पड़ती थी, अब ऐसा नहीं होगा। इससे वे अपने समय का सदुपयोग कर सकेंगे। इस बार शिक्षक पात्रता परीक्षा के बाद पास होने वाले अभ्यर्थी कभी भी शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती होती है और वह उम्र सीमा के भीतर होंगे तो आवेदन के लिए पात्र होंगे।
00 जिले में 65 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
मिली जानकारी के अनुसार अब तक छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की ओर से आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षाओं में पूरे राज्य से 65 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल नहीं होते थे। इस बार दुर्ग जिले से ही 53 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इस बार व्यापमं ने किसी भी स्थानीय उम्मीदवार से शुल्क नहीं लिया। दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों से ही शुल्क लिया गया है। परीक्षा में प्रथम पाली में पहली से पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों में शिक्षक के रूप में भर्ती होने या फिर पढ़ाने की पात्रता के लिए और दूसरी पाली में छठवीं से आठवीं तक की कक्षाओं में पढ़ाने या फिर निकलने वाली रिक्तियों में आवेदन करने की पात्रता के लिए परीक्षाएं होंगी। पूरे राज्य से करीब साढ़े चार लाख उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया है। उनकी परीक्षा के लिए राज्य के सभी जिलों को मिलाकर 1 हजार 350 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की पूरी तैयारी कर ली गई है। दुर्ग जिले की कुरुद शासकीय स्कूल स्कूल में सबसे कम 152 तथा उतई कॉलेज में सबसे अधिक 600 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बीआईटी में साइंस और मैकेनिकल ब्लॉक केंद्र में 400-400 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। अन्य स्थानों पर बनाए गए परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या 152 से 600 के बीच ही है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी की जा रही हैं, परीक्षार्थियों की सुविधाओं का भी केंद्र में ध्यान रखा जाएगा। इससे उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी।
00 परिक्षार्थियों के मोबाइल पर दी जा रही है प्रवेश पत्र लिंक
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों के मोबाइल पर भी लिंक दिया गया है, उसमें यूआरएल में क्लिक करते ही ऑटोमेटिक प्रवेश डाउनलोड हो जाएगा। इसके आलावा व्यापमं की वेबसाइट के साथ ही तीन और विभाग राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, चिप्स और जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट का पता जारी किया है ताकि उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी तरह की असुविधा न हो। एससीआईआरटी, चिप्स और जनसंपर्क विभाग की 3-3 और आंतरिक वेबसाइट जारी की गई है।

