🔵 कहा-सदी के महानायक अमिताभ जी से रूबरू होना जीवन का अभूतपूर्व छण
🔵 70वें ऐपिसोड की शुरूआत में 6 लाख 40 हजार के सवाल से होगा सामना
🔵 विवाह पूर्व पत्नी मंजीत के पहले करवा चौथ का किस्सा किया शेयर
संतोष मिश्रा
भिलाई नगर, 10 नवंबर। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले कार्यक्रम “कौन बनेगा करोड़पति” की हाॅट सीट पर भिलाई इस्पात संयंत्र के जीएम परचेज (आईपीएम) हरप्रीत सिंह 69वें ऐपिसोड में पहुंच गए हैं। भिलाई में रिसाली के अवधपुरी क्षेत्र के रहवासी 55 वर्षीय हरप्रीत सिंह पिछले 20 वर्ष से केबीसी की हाॅट सीट तक पहुंचने प्रयास करते रहे हैं अंततः इस वर्ष केबीसी सीजन-14 के 69वें ऐपिसोड में उनके द्वारा अर्जित ज्ञान और परिश्रम के फलस्वरूप उन्हें हाॅट सीट पर विराजमान होने का मौका मिल ही गया। कल रात प्रारंभिक सात सवालों के सही जवाब देने के बाद हूटर बजने की वजह से आज रात 9 बजे प्रसारित होने वाले 70वें ऐपिसोड की शुरूआत हरप्रीत सिंह से ही होगी।

कल रात केबीसी की हाॅट सीट पर पहुंचे बीएसपी के जीएम हरप्रीत सिंह ने “सीजी न्यूज आनलाईन” से फोन पर चर्चा में अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि सदी के महानायक से मिलना उनके इस जीवन का अविस्मरणीय पल रहा। कौन बनेगा करोड़पति में पहुंचने के लिए उन्होंने अपनी रूचि अनुरूप सामान्य ज्ञान पर लगातार जोर दिया। हमेशा प्रयास करते रहे कि समसामयिक घटनाओं पर उनकी नजर रहे। इसी आधार पर पूर्व समय बौद्धिक ज्ञान वाली स्पर्धाओं में भी वो प्रतिभागी बनते रहे हैं।
भिलाई इस्पात संयंत्र के परचेज विभाग के महाप्रबंधक हरप्रीत सिंह ने कहा कि केबीसी की हाॅट सीट तक पहुंचने भले ही दो दशक का समय लगा परंतु उन्होंने प्रयास में न तो कभी कोई कमी की और न ही कभी हार माने। केबीसी में सलेक्शन से हरप्रीत सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती मंजीत कौर, पुणे में शिक्षा प्राप्त कर रही उनकी बेटी जसप्रीत और डीपीएस भिलाई के छात्र बेटे अर्शदीप सिंह भी काफी खुश हैं। वर्ष 2000 में जब केबीसी का शुभारंभ हुआ तभी से हरप्रीत सिंह ने इसे चैलेंज के रूप में लिया। उन्होंने कहा कि इस स्पर्धा में धन कमाना ही सबकुछ नहीं बल्कि इससे ज्ञान का स्तर काफी हद तक बढ़ा है। वर्तमान में कौन बनेगा करोड़पति के 69वें ऐपिसोड में हरप्रीत 3 लाख 20 हजार रूपये जीत कर दूसरे पायदान तक पहुंच गए हैं और आज वो 70वें ऐपिसोड में नौ रिस्क क्वेश्चन 6 लाख 40 हजार के सवाल का सामना करेंगे। पहले ऐपिसोड में सात सवालों के बेबाकी से जवाब वो दे चुके थे तभी हूटर बजने से बुधवार की रात खेल खत्म होने की घोषणा कर दी गई।
हरप्रीत सिंह ने बताया कि उनका लक्ष्य 7 करोड़ 50 लाख का है, देखें किस्मत कहां तक पहुंचाती है मगर वो अपने वर्षों के परिश्रम और ज्ञान का पूरा उपयोग करने तत्पर हैं। आज के ऐपिसोड को मिला कर जीती हुई धनराशि से वे अपने व परिवार के सपनों को पूरा करने की चाहत रखते हैं जिसमें समाज सेवा भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि महानायक अमिताभ बच्चन के सामने पहुंचने पर उनकी पाजीटिव ऐनर्जी और भी बढ़ गई है। 69वें ऐपिसोड में हरप्रीत सिंह ने जनता और अमिताभ बच्चन के सामने विवाह पूर्व अपनी जीवन संगिनी मंजीत कौर के पहले करवा चौथ के किस्से को भी शेयर किया। हरप्रीत सिंह ने केबीसी को ज्ञान वृद्धि और ज्ञान के माध्यम से धन अर्जन का बेहतर प्लेटफार्म बताया। बहरहाल बीएसपी जीएम को केबीसी में देख भिलाइयंस भी खासे खुश और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। आज रात 9 बजे से केबीसी के 70वें ऐपिसोड में हरप्रीत सिंह के वर्षों का परिश्रम और उनके ज्ञान का भंडार उन्हें कितनी धनराशि दिलाएगा, इसका इंतजार और रोमांच भी भिलाई के लोगों में दिखाई दे रहा है।

