दुर्ग 12 जुलाई । छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से सम्बद्ध समस्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों हेतु ‘विकसित छत्तीसगढ़ मेरे सपने का खुशहाल छत्तीसगढ़’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई है। विश्वविद्यालय की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने कहा कि उक्त निबंध लेखन प्रतियोगिता के माध्यम से युवा पीढ़ी विशेषकर विद्यार्थी वर्ग के रचनात्मक विचार एवं उनके दृष्टिकोण को जानने का यह एक सुनहरा अवसर होगा।
आपको बता दे कि भारत सरकार ने आजादी के अमृतकाल (2047) तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का आह्वान किया है जिसके अनुकम में राज्य सरकार 2047 तक प्रदेश को विकसित बनाने वचनबद्ध है। इस संकल्प के अनुक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप और सहायक कुलसचिव, दिग्विजय कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि निबंध लेखन हेतु हिन्दी अथवा अंग्रेजी भाषा का उपयोग किया जा सकता है। निबंध की शब्द सीमा 1500-2500 शब्द होगी। निबंध हस्तलिखित अथवा मुद्रित हो सकती है। प्रतिभागी गण सुविधानुसार महाविद्यालय अथवा महाविद्यालय परिसर के बाहर बैठकर निबंध लिख सकते हैं। प्रविष्ठियां जमा करने हेतु अंतिम तिथि महाविद्यालय स्तर पर 18.07.2024, अग्रणी महाविद्यालय स्तर पर 20.07.2024 तथा उच्च शिक्षा संचालनालय, रायपुर स्तर पर 23.07.2024 हैं।

