स्वास्थ्य विभाग के करोड़ों के जन जागरूकता घोटाले में EOW के 7 ठिकानों पर छापे

स्वास्थ्य विभाग के करोड़ों के जन जागरूकता घोटाले में EOW के 7 ठिकानों पर  छापे


सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 24 जुलाई 2026। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में हुए कथित वित्तीय घोटाले की जांच में बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को बिलासपुर, धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में 7 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मामले से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 23/2013 एवं 24/2013 के तहत दर्ज प्रकरणों में की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता से पूर्व लागू भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी, 420, 467, 468, 471 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है।

जांच के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2005-06 एवं 2006-07 में संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर को राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम)/रिप्रोडक्टिव एंड चाइल्ड हेल्थ (आरसीएच) योजना के तहत प्राप्त राशि से राज्य के तत्कालीन 16 जिलों में “लोक कला जत्था” के माध्यम से स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने थे।

आरोप है कि इस योजना के क्रियान्वयन में शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचा। इसी मामले की विवेचना के तहत ईओडब्ल्यू ने विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

ईओडब्ल्यू ने बताया कि तलाशी के दौरान प्रकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। जब्त दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की विवेचना जारी है।