शराब, कोल लेवी व मेडिकल घोटाले में EOW का बड़ा एक्शन, 6 जिलों में 16 ठिकानों पर छापेमारी

शराब, कोल लेवी व मेडिकल घोटाले में EOW का बड़ा एक्शन, 6 जिलों में 16 ठिकानों पर छापेमारी


🛑रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा और गरियाबंद में एक साथ तलाशी; संपत्तियों की रजिस्ट्री, वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त कर जुटाए साक्ष्य

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में शराब, कोल लेवी और मेडिकल घोटालों की जांच के सिलसिले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। ब्यूरो की टीमों ने प्रदेश के छह जिलों में एक साथ 16 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कारोबारियों और संबंधित लोगों के ठिकानों से वित्तीय अनियमितताओं, अवैध लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, संपत्तियों की रजिस्ट्री के कागजात, डिजिटल उपकरण सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं।

EOW की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा और गरियाबंद जिलों में तीन अलग-अलग घोटालों से संबंधित दर्ज अपराधों की विवेचना के तहत की गई।

शराब घोटाले में 2 जिलों के 6 ठिकानों पर तलाशी

शराब घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत रायपुर और राजनांदगांव जिलों में कुल छह स्थानों पर तलाशी ली गई। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज है। जांच के दौरान मामले से संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की गई।

कोल लेवी घोटाले में दुर्ग समेत 4 जिलों में कार्रवाई

कोल लेवी घोटाले से संबंधित अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत EOW ने कोरबा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जिलों के छह ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कथित अवैध लेन-देन, वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज है।

मेडिकल घोटाले में 4 ठिकानों पर छापेमारी

इसी तरह मेडिकल घोटाले से जुड़े अपराध क्रमांक 05/2025 के तहत रायपुर और गरियाबंद जिलों में चार स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई की गई। इस प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत जांच जारी है।

दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों से मिले अहम सुराग

EOW के मुताबिक, तलाशी के दौरान तीनों मामलों से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं, अवैध लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण अभिलेख, संपत्तियों की रजिस्ट्री के दस्तावेज, डिजिटल उपकरण तथा अन्य साक्ष्य संकलित किए गए हैं।

ब्यूरो का मानना है कि तलाशी के दौरान सामने आए नए तथ्यों और साक्ष्यों से इन प्रकरणों में पहले से स्थापित साक्ष्यगत कड़ियों को और मजबूती मिलने की संभावना है। फिलहाल जब्त दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और अन्य साक्ष्यों का सूक्ष्म परीक्षण एवं विश्लेषण किया जा रहा है।

EOW ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की भूमिका और उनके विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।