Encounter Breaking : कांस्टेबल की हत्या करने वाला रॉकी एनकाउंटर में ढेर, स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई

Encounter Breaking : कांस्टेबल की हत्या करने वाला रॉकी एनकाउंटर में ढेर, स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई


सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 24 नवंबर। पुलिस कांस्टेबल किरण पाल की हत्या के मुख्य आरोपी राघव उर्फ रॉकी की एनकाउंटर में गोली लगने के बाद मौत हो गई है। दिल्ली स्थानीय पुलिस और स्पेशल सेल की टीम ने उसको मुठभेड़ में मार गिराया है। आपको बता दें कि बदमाशों ने शुक्रवार 22 नवंबर की आधी रात को एक कॉन्स्टेबल पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई थी। घटना के समय आरोपी नशे में थे और कॉन्स्टेबल ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की थी, जिसके बाद आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी।

घटना 22 नवंबर 2024 की रात को हुई। कांस्टेबल किरणपाल अपने साथी बनई सिंह और सुनील के साथ गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के आर्य समाज मंदिर के पास एक बूथ पर तैनात थे। सुबह करीब 5 बजे कांस्टेबल सुनील किसी काम से बूथ के बाहर गए। वापस लौटे तो उन्हें किरण पाल वहां नहीं मिला। उनका फोन भी बंद था। खोजबीन के बाद वे गली नंबर 13 संत रविदास मार्ग के पास घायल अवस्था में मिले। इसके बाद उन्हें तुरंत मजीदिया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। जिस आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हुई उसकी पहचान रॉकी उर्फ राघव नाम के बदमाश के रूप में हुई है। आरोपी रॉकी उर्फ राघव दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल किरणपाल की हत्या में आरोपी था। रॉकी ने ही कॉन्स्टेबल पर चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं इस मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आये आरोपी का नाम दीपक है। मुठभेड़ में दीपक के पैर में भी गोली लगी है।