🔴वाउचर व बैंक जमा राशि में हेराफेरी कर 1.05 लाख की धोखाधड़ी
भिलाईनगर, 02 फरवरी 2026। ऑनलाइन सामान वितरण से प्राप्त नकद राशि में गबन एवं धोखाधड़ी के मामले में थाना भिलाई-3 पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर वाउचर एवं बैंक जमा राशि में हेराफेरी कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि अशोक कुमार वैष्णव (56 वर्ष), निवासी नया राम मंदिर के पास, भिलाई-चरोदा ने थाना भिलाई-3 में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी एनटेक्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में पदस्थ सुपरवाइजर जतिन कुमार झा द्वारा ऑनलाइन सामान वितरण से प्राप्त नकद राशि को बैंक में जानबूझकर कम जमा किया गया।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा बैंक में कुल 3,35,715 रुपये ही जमा किए गए, जबकि कंपनी वाउचर के अनुसार 5,21,046 रुपये जमा किया जाना था। इस प्रकार 1,85,351 रुपये की राशि का गबन किया गया। बाद में आरोपी द्वारा 80,000 रुपये जमा किए गए, जबकि शेष 1,05,040 रुपये की राशि अब तक जमा नहीं की गई, जिससे धोखाधड़ी प्रमाणित हुई।
प्रकरण में थाना भिलाई-3 में अपराध क्रमांक 72/2026, धारा 316(D), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को तलब कर पूछताछ की गई। साक्ष्य एवं दस्तावेजों के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
आरोपी का विवरण :
▪️ जतिन कुमार झा, उम्र 30 वर्ष
निवासी – बलदेवबाग, वार्ड क्रमांक 15, थाना सिटी कोतवाली, जिला राजनांदगांव
जप्त सामग्री :
▪️ कंपनी वाउचर एवं बैंक से संबंधित दस्तावेज
इस कार्रवाई में थाना भिलाई-3 के निरीक्षक, विवेचना अधिकारी एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यावसायिक संस्थानों से अपील की है कि वित्तीय लेन-देन में पूर्ण पारदर्शिता रखें तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

