चुनाव आयोग का Action 🛑 राज्यसभा चुनाव से हटाए गए रिटर्निंग ऑफिसर, जानें वजह…

<em>चुनाव आयोग का Action 🛑 राज्यसभा चुनाव से हटाए गए रिटर्निंग ऑफिसर, जानें वजह…</em>



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 08 फरवरी। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से बड़ी खबर सामने आ रही है। चुनाव आयोग ने विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह को राज्यसभा चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर के पद से हटा दिया है। इस मामले में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने मामले में संज्ञान लेते हुए हटाने की कार्रवाई की है।
आपको बता दें प्रमुख सचिव एपी सिंह रिटायर होने के बाद एक साल के एक्सटेंशन पर हैं और एपी सिंह एक्सटेंशन पर रहते हुए चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा नहीं हो सकते। लेकिन मध्यप्रदेश विधानसभा ने रिटर्निंग ऑफिसर के लिए एपी सिंह का नाम इलेक्शन कमीशन को भेजा था। लेकिन चुनाव आयोग ने एपी सिंह के नाम को खारिज कर दिया। अब लेबर कमिश्नर संजय गुप्ता को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है।
गौरतलब हो कि उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने चुनाव आयोग पत्र लिख एपी सिंह को हटाने की मांग की थी। कटारे ने पत्र में लिखा था कि मध्यप्रदेश में पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अप्रैल 2024 से पहले राज्यसभा के ये चुनाव कराए जाना प्रस्तावित है। इस संदर्भ में जानकारी में लाना चाहता हूं कि विधानसभा के मौजूदा प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह 31 मार्च 2023 को ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं। विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह की सेवाएं एक अप्रैल 2024 तक बढ़ा दी गई हैं। ये पूरी तरह स्पष्ट है कि ये अफसर रिटायर होने के बाद एक्सटेंशन पर काम कर रहे हैं, जो चुनाव आयोग की नियमावली के मुताबिक ठीक नहीं है। उन्होंने लिखा है कि एपी सिंह को चुनाव संबंधी काम से दूर रखा जाना चाहिए और उनकी जगह किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति की जानी चाहिए ताकि प्रदेश में स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव हो सकें। कटारे ने लिखा है कि ये परंपरा रही है कि जो प्रमुख सचिव होता है वही राज्यसभा के चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर भी होता है।