🔴गैस एजेंसी का नंबर सर्च करना पड़ा भारी
भिलाई, 28 मई 2026। गैस सिलेंडर डिलीवरी नहीं होने पर ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर सर्च करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने गैस एजेंसी के फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए 65 वर्षीय बुजुर्ग के दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 95 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में नेवई थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गैस सिलेंडर नहीं पहुंचने पर किया था कॉल
प्रार्थी किशोर कुमार साहू निवासी प्लॉट-6 मितान गली अवधपुरी रिसाली भिलाई ने पुलिस को बताया कि 23 मई 2026 को गैस सिलेंडर डिलीवर नहीं होने पर उन्होंने जयदीप गैस एजेंसी सेक्टर-10 का ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर सर्च किया था।
ऑनलाइन मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताया।
10 रुपये पेमेंट करते ही हुआ खेल
ठग ने किशोर कुमार साहू को एक व्हाट्सएप नंबर पर 10 रुपये ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहा। प्रार्थी ने फोन-पे के माध्यम से 10 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके करीब आधे घंटे बाद उनके बैंक खातों से रकम निकलनी शुरू हो गई।
दो बैंक खातों से उड़ाए 1.95 लाख रुपये
पीड़ित के अनुसार—
- एसबीआई बैंक खाते से 97 हजार रुपये
- यूको बैंक खाते से 98 हजार रुपये
इस तरह कुल 1 लाख 95 हजार रुपये ऑनलाइन ठगी कर निकाल लिए गए।
साइबर हेल्पलाइन 1930 में की शिकायत
ऑनलाइन ठगी का पता चलते ही प्रार्थी ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद नेवई थाना में भी लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया।
मोबाइल नंबर धारकों पर अपराध दर्ज
नेवई पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0340/26 दर्ज किया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर से सावधान रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी या एजेंसी का कस्टमर केयर नंबर केवल आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत स्रोत से ही प्राप्त करें। अनजान नंबरों पर कॉल कर बैंकिंग या भुगतान संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।

