घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति से लूट: धारदार हथियार दिखाकर नेकलेस लूटा

घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति से लूट: धारदार हथियार दिखाकर नेकलेस लूटा


🔴24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार


भिलाईनगर, 06 जुलाई 2026। दुर्ग पुलिस ने नेवई थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपत्ति के घर में घुसकर धारदार हथियार की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को घटना के महज एक दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।


चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा आरोपी


पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को वी. कुमार (59) निवासी शुभकामना हाइट्स, प्रगति नगर, रिसाली ने थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को वह ड्यूटी पर थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली महिला ने सूचना दी कि फ्लैट में एक अज्ञात युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घुस आया और उनके बुजुर्ग माता-पिता को धारदार हथियार दिखाकर सोना-चांदी और नकदी की मांग करने लगा। आरोपी सोने का नेकलेस लेकर फरार हो गया।


तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपी तक


मामला दर्ज कर नेवई पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों व गवाहों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।


मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी


गिरफ्तार आरोपी की पहचान विभान्शु महोबिया (21 वर्ष) निवासी जिला मंडला (मध्यप्रदेश) तथा वर्तमान में भिलाई नगर क्षेत्र में रहने वाले युवक के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
▪️घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
▪️धारदार हथियार
▪️वारदात के समय पहने गए कपड़े
जप्त किए हैं।


इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला


थाना नेवई में अपराध क्रमांक 436/2026 के तहत धारा 308(2), 351(3), 333 एवं 127(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।


दुर्ग पुलिस की अपील


दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें। आमजन के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।