Earthquake : भूकंप से तबाही, म्यांमार में मस्जिद ढहने से 20 की मौत,

Earthquake : भूकंप से तबाही, म्यांमार में मस्जिद ढहने से 20 की मौत,


🛑 बैंकॉक में एयरपोर्ट बंद, ट्रेन सेवा सस्पेंड, भारत के मेघालय में भी महसूस किए गए झटके

सीजी न्यूज ऑनलाइन 28 मार्च । म्यांमार में शुक्रवार (28 मार्च) को लगातार आए भूकंपों ने तबाई मचा दी. इसका असर पड़ोसी थाईलैंड से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक दिखाई दिया. सरकार ने चेतावनी दी कि अगले 24 घंटे में और भी भूकंप आ सकते हैं.


थाईलैंड के PM ने बैंकॉक को इमरजेंसी जोन घोषित किया


थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने पड़ोसी देश म्यांमार में भूकंप के बाद बैंकॉक को ‘इमरजेंसी जोन’ घोषित कर दिया है. शहर के चटूचक पार्क इलाके में एक बिल्डिंग के ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और पूरे शहर में नुकसान की खबर है. पीएम कार्यालय के बयान के अनुसार, ‘प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय को तत्काल बैंकॉक को इमरजेंसी जोन घोषित करने और देश के सभी राज्यों को इमरजेंसी मानने के लिए सूचित किया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सार्वजनिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके

एयरपोर्ट 2 घंटे के लिए बंद

भूकंप से तबाही मचने के बाद बैंकॉक में एहतियातन पहले ट्रेन सर्विस को अस्थायी रूप से बंद किया गया, उसके बाद अब बैंकॉक का इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया है.

बैंकॉक में मलबे में दबे मजदूर

एससीएमपी डॉट कॉम के मुताबिक, बैंकॉक में जो 30 मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरी थी, उसके अंदर कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि इसके निर्माणकार्य में 400 से ज्यादा मजदूर लगे हुए थे, जिनमें से 80 लापता हैं. मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है. बैंकॉक में ये अबतक का सबसे शक्तिशाली भूकंप था.

म्यांमार में ढही मस्जिद, 20 की मौत
म्यांमार के मांडले में भूकंप से एक मस्जिद भी ढह गई. बीएनओ न्यूज ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया कि इसके मलबे में दबकर कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई.

बैंकॉक में ट्रेन सर्विस सस्पेंड
थाईलैंड की राजधानी में आए इस भूकंप के बाद बैंकॉक में ट्रेन सर्विस अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दी गई हैं.

म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप पर पीएम मोदी का पोस्ट
म्यांमार और थाईलैंड में आए भूकंप पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंता जताई है. पीएम मोदी ने X पर पोस्ट कर कहा, ‘मैं सभी के सुरक्षित होने की कामना करता हूं. भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है. इस संबंध में हमने अपने अधिकारियों से तैयार रहने को कहा है. साथ ही विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों के साथ संपर्क में रहने को कहा है.’

बैंकॉक में भूकंप के 43 लोग मिसिंग

बैंकॉक में भूकंप से भारी तबाही मच गई. यहां एक निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिर गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. थाईलैंड की स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बैंकॉक में जो बिल्डिंग गिरी थी, उसमें कई लोग दब गए. बताया जा रहा है कि यहां काम कर रहे 43 लोग मिसिंग हैं.

म्यांमार में 12 मिनट में दो बार भूकंप


यूएसजीएस के मुताबिक, म्यांमार में 12 बजकर 50 मिनट पर भूकंप आया था, उसका केंद्र सागाइंग से नॉर्थ वेस्ट में 16 किलोमीटर दूर था. इसके 12 मिनट बाद भूकंप का दूसरा झटका महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 6.4 मापी गई. इसका केंद्र थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में था.

भारत समेत तीन देशों में आया भूकंप, म्यांमार और थाईलैंड में तबाही, भरभराकर गिरीं इमारतें


भारत समेत तीन देशों में शुक्रवार (28 मार्च) की दोपहर जोरदार भूकंप आया, जिसने म्यांमार और थाईलैंड में तबाही मचा दी. जहां थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में कई इमारतें भरभराकर गिर गईं. वहीं म्यांमार में नदी पर बना एक पुल ढह गया.