दूसरे वाहन पर नंबर प्लेट, युवक के नाम कट रहे ई-चालान; SSP से शिकायत

दूसरे वाहन पर नंबर प्लेट, युवक के नाम कट रहे ई-चालान; SSP से शिकायत


भिलाईनगर, 06 मई 2026। शहर के सुपेला क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपने दोपहिया वाहन के नंबर का दुरुपयोग कर फर्जी ई-चालान काटे जाने की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग से की है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर गलत चालानों को निरस्त करने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि प्रार्थी ज्योतिकांत अग्रवाल अम्रपाली वनांचल सिटी गौरव पथ भिलाई के पास एवेंजर 220 सीसी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BK 7848 है। कुछ समय से उसके वाहन नंबर पर लगातार ई-चालान जारी हो रहे हैं। प्रार्थी का कहना है कि जारी चालानों में दिखाई दे रही तस्वीरें उसके वाहन से मेल नहीं खातीं। फोटो में दिख रहा वाहन एवेंजर 220 सीसी नहीं, बल्कि किसी अन्य कंपनी का वाहन है।

प्रार्थी ज्योति कांत अग्रवाल अम्रपाली वनांचल सिटी गौरव पथ भिलाई के अनुसार रायपुर के बीटीआई मार्केट से विधानसभा जाने वाले मार्ग सहित अन्य स्थानों पर गलत नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाया जा रहा है, जिसके कारण उसके नाम पर चालान दर्ज हो रहे हैं। शिकायत पत्र में मार्च 2026 से लेकर नवंबर 2023 तक कई ई-चालानों का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि यदि संबंधित व्यक्ति किसी दुर्घटना या आपराधिक गतिविधि में शामिल होता है तो उसका कानूनी दुष्परिणाम उसे भुगतना पड़ सकता है।
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में प्रार्थी ने मामले की जांच कर संबंधित वाहन और व्यक्ति की पहचान करने, गलत ई-चालानों को निरस्त करने तथा भविष्य में उसके वाहन नंबर के दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी कार्रवाई करने की मांग की है।