डीयू का दूसरा दीक्षांत समारोह जुलाई-अगस्त में संभावित, 50 से अधिक शोधार्थियों को मिलेगी पीएचडी डिग्री

डीयू का दूसरा दीक्षांत समारोह जुलाई-अगस्त में संभावित, 50 से अधिक शोधार्थियों को मिलेगी पीएचडी डिग्री


दुर्गा 06 जून । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग का द्वितीय दीक्षांत समारोह जुलाई-अगस्त 2024 में होना संभावित है। प्रथम दीक्षांत समारोह गत वर्ष 24 अप्रैल 2023 को आयोजित किया गया था। इस वर्ष लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण दीक्षांत समारोह के आयोजन में विलंब हुआ। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि द्वितीय दीक्षांत समारोह में लगभग 50 से अधिक शोधार्थियों को विभिन्न विषयों जैसे-समाजशास्त्र, रसायन, वाणिज्य, शिक्षा, हिन्दी, माइकोबायोलॉजी, राजनीतिशास्त्र, आदि विषयों में पीएचडी की डिग्री प्रदान की जायेगी। प्रथम दीक्षांत समारोह में 14 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई थीं।

डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव के अनुसार सत्र 2022-23 की वार्षिक / सेमेस्टर परीक्षाओं में प्राविण्य सूची में सर्वप्रथम स्थान प्राप्त करने वाले नियमित परीक्षार्थियों को विश्वविद्यालय में विभिन्न 46 दानदाताओं द्वारा अपने परिजनों के नाम पर उपलब्ध कराये गये स्वर्णमंडित पदक से नवाजा जायेगा। कुछ विषयों में पृथक रूप से सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी स्वर्णपदक प्रदान किया जायेगा। आचार संहिता समाप्त होते ही विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह के आयोजन संबंधी अधिकारियों की बैठक आयोजित करेगा। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा करेंगी। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष पदक दानदाताओं की सूची में नेहरू नगर, भिलाई निवासी श्री ए. के. जैन का नाम भी जुड़ा है जिन्होंने अपने पुत्र विकास जैन के स्मृति में विश्वविद्यालय को स्वर्णपदक प्रदान करने हेतु राशि उपलब्ध करायी है।

डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार दीक्षांत समारोह के नियमों के अनुसार शोभायात्रा निकाली जायेगी। जिसका नेतृत्व विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप करेंगे तथा शोभायात्रा में विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद्, विद्यापरिषद् के सदस्य तथा कुलाधिपति राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, तथा विश्वविद्यालय परिक्षेत्र में आने वाले जिलों के विधायक भी शामिल होंगे। दीक्षांत समारोह में अन्य जनप्रतिनिधि तथा नगर के गणमान्य नागरिकों एवं स्वर्णपदक विजेताओं के पालकों को भी आमंत्रित किया जाना प्रस्तावित है। दीक्षांत समारोह हेतु राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री तथा अन्य विशिष्टजनों से तिथि एवं समय की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद दीक्षांत समारोह की तिथि निश्चित की जायेगी।
दीक्षांत समारोह में दीक्षांत भाषण देने हेतु राष्ट्रीय स्तर के किसी वैज्ञानिक, समाजसेवी अथवा अन्य विशिष्टजन को आमंत्रित करने हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन विचार-विमर्श करेगा तथा सर्वसम्मति से दीक्षांत भाषण देने वाले अतिथि का चयन किया जायेगा।