दुर्ग, 12 जुलाई 2026। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा अपने नवीन परिसर में आयोजित पहला विशाल रोजगार मेला (जॉब फेयर) ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार आयोजित इस रोजगार मेले में 24 प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय कंपनियों ने भाग लिया, जबकि 1500 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने रोजगार के अवसरों के लिए साक्षात्कार दिए। इनमें से 210 अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) प्रदान किए गए।
24 कंपनियों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में हीरा ग्रुप, पूजा स्टार इंडस्ट्रीज, वाहन ऑटोमोबाइल, बंधन बैंक, फ्लिपकार्ट, एसबीआई लाइफ, जीन्स पावर, डीआर हॉस्पिटल, ग्लोबल एग्रो सॉल्यूशंस सहित 24 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया।
महापौर रहीं मुख्य अतिथि
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार थीं। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद हरदीप चंदेलिया, कैरोल सालु, रंजीता पाटिल, मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा, जिला रोजगार अधिकारी धनेश्वर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
रोजगार से जोड़ना विश्वविद्यालय का उद्देश्य : कुलपति
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. अजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप सक्षम, आत्मनिर्भर और रोजगार योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा।
कुलसचिव डॉ. भूपेंद्र कुलदीप ने आयोजन की सफलता पर सभी कंपनियों, अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
रोजगार का सशक्त मंच बना आयोजन
रोजगार मेले का समन्वय डॉ. नीलू श्रीवास्तव (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) तथा प्रो. पीयूष तिवारी (प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस) के मार्गदर्शन में किया गया।
विश्वविद्यालय ने इसे केवल रोजगार उपलब्ध कराने का माध्यम ही नहीं, बल्कि शिक्षा और उद्योग जगत के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। 210 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलने के साथ यह आयोजन विश्वविद्यालय की उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में सामने आया।

