दुर्ग, 03 फरवरी 2026। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा मड़ई मेला, बाजार क्षेत्रों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दहशत फैलाने वाले युवकों से बड़ी संख्या में लोहे के कड़े जप्त किए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को नगर क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेला, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान यह पाया गया कि कुछ युवक बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर रहे थे, जिससे आम नागरिकों में भय और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।
पुलिस द्वारा ऐसे असामाजिक तत्वों को तत्काल चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। युवकों से लोहे के कड़े उतरवाए गए तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान लगभग 450 से अधिक लोहे के कड़े पुलिस द्वारा जप्त किए गए। इस सख्त और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं अनुशासन की स्थिति बनी रही।
इस अभियान में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय और अनुशासित भूमिका रही, जिनके द्वारा समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अड्डेबाजी, हथियारनुमा वस्तुएँ पहनकर घूमने या भय का माहौल बनाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

