दुर्ग, 03 अप्रैल 2026। सोशल मीडिया के जरिए महिला की फोटो से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री वायरल करने और धमकी देने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन विश्वास” के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 15 मार्च 2026 को थाना उतई में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी से उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर बातचीत की गई और बाद में व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो भेजकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई।
फर्जी आईडी बनाकर किया उत्पीड़न
आरोपी ने महिला की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की और इंस्टाग्राम स्टोरी व मैसेज के माध्यम से प्रसारित किया। साथ ही अभद्र चैटिंग कर महिला को लगातार परेशान करता रहा।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत धारा 67 आईटी एक्ट में केस दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों (सीडीआर) के आधार पर आरोपी की पहचान की और बालोद जिले के कोहगाटोला गांव से उसे पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी का नाम राधेलाल महरा उर्फ राजा (26 वर्ष) निवासी ग्राम कोहगाटोला, जिला बालोद बताया गया है। पूछताछ में आरोपी ने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अपराध करना स्वीकार किया है।
मोबाइल और चैटिंग साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और चैटिंग से संबंधित स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना उतई पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें। महिलाओं की गरिमा से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

