पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए दुर्ग ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, कुम्हारी से अंजोरा तक पेट्रोलिंग

पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए दुर्ग ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, कुम्हारी से अंजोरा तक पेट्रोलिंग


🛑कपड़ों और बैग पर लगाए जा रहे रेडियम स्टिकर, सर्विस रोड पर बनाया अलग रास्ता; तीन पालियों में पुलिस बल तैनात

भिलाईनगर, 13 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। बड़ी संख्या में पदयात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित आवागमन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्तरों पर सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक पदयात्री मार्ग पर 24 घंटे पेट्रोलिंग की जा रही है।

रात में दूर से दिखाई देंगे पदयात्री

रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए यातायात पुलिस पदयात्रियों के कपड़ों और बैग पर रेडियम स्टिकर लगा रही है। इससे अंधेरे में वाहन चालकों को पदयात्री दूर से दिखाई दे सकेंगे और उन्हें समय रहते वाहन की गति नियंत्रित करने का अवसर मिलेगा।

पदयात्रियों के लिए अलग और सुरक्षित रास्ता

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध सर्विस रोड को पदयात्रियों के आवागमन के लिए अलग किया गया है। जिन स्थानों पर सर्विस रोड उपलब्ध नहीं है, वहां बांस-बल्ली और कॉशनरी टेप लगाकर पृथक मार्ग बनाया गया है। इसका उद्देश्य पदयात्रियों और वाहनों के बीच टकराव की आशंका को कम करना है।

कुम्हारी से अंजोरा तक 24 घंटे निगरानी

पदयात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखने के लिए पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं। इन वाहनों में लगे पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग पर चलने, सड़क किनारे रहने और यातायात संबंधी सावधानियों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है। मार्ग में किसी प्रकार की बाधा आने पर आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।

पावर हाउस चौक और जेल तिराहा पर विशेष व्यवस्था

यातायात पुलिस ने पावर हाउस चौक और जेल तिराहा में पुलिस बीट तथा PA सिस्टम की व्यवस्था की है। यहां श्रद्धालुओं को रूट डायवर्जन की जानकारी देकर निर्धारित मार्ग पर भेजा जा रहा है, ताकि भीड़ और यातायात अव्यवस्था की स्थिति न बने। इसके साथ ही पदयात्रा मार्ग पर पुलिस बल की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है, जिससे लगातार निगरानी और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील

दुर्ग यातायात पुलिस ने पदयात्रियों से निर्धारित मार्ग का उपयोग करने, रात में विशेष सावधानी बरतने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं, वाहन चालकों से पदयात्रियों की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में धीमी गति से वाहन चलाने और सतर्क रहने को कहा गया है। पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की डोंगरगढ़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना है।