दुर्ग में 2 दिन स्कूलों की छुट्टी, 29 व 30 अक्टूबर को सभी शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद

दुर्ग में 2 दिन स्कूलों की छुट्टी, 29 व 30 अक्टूबर को सभी शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद


🛑भारी बारिश और चक्रवाती तूफान की आशंका के चलते कलेक्टर के अनुमोदन से जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश

दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान और भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए दुर्ग जिले में दो दिन के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं बीएसपी के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में 29 और 30 अक्टूबर 2026 को अवकाश रहेगा।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम की चेतावनी में दुर्ग सहित बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा जिले शामिल हैं। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और कहीं-कहीं 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर फैसला

जारी आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में होने वाली परेशानी तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह कार्रवाई स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के 27 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के अनुक्रम में की गई है।

कलेक्टर के अनुमोदन से जारी यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। इसके तहत दुर्ग जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में निर्धारित दोनों दिनों तक अवकाश रहेगा।