🔴15 शराबी वाहन चालक पकड़े गए
दुर्ग, 24 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अगस्त की रात 6 बजे से 12 बजे तक जिले के 16 चिन्हित स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 446 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों की जांच की गई।

15 शराबी वाहन चालकों पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान 15 वाहन चालक शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 87 वाहन चालकों पर तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, 15 बिना नंबर वाले वाहनों और 227 बिना हेलमेट वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार की जा रही कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी देखी जा रही है।
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और शराब का सेवन कर वाहन बिल्कुल न चलाएं। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन वाहन चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।

