होली से पहले दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 8.640 ग्राम चिट्टा के साथ 4 गिरफ्तार

होली से पहले दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 8.640 ग्राम चिट्टा के साथ 4 गिरफ्तार


भिलाईनगर, 26 फरवरी 2026। होली पर्व को देखते हुए “नशे पर जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान में दुर्ग पुलिस को अहम सफलता मिली है। थाना वैशाली नगर एवं ACCU की संयुक्त टीम ने 8.640 ग्राम हेरोईन (चिट्टा) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत ₹1,72,800 बताई गई है।

मुखबिर सूचना पर घेराबंदी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि शिव मंदिर के पास, जवाहर नगर शादी भवन के समीप कुछ युवक मादक पदार्थ की बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना पर थाना वैशाली नगर पुलिस एवं ACCU की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 8.640 ग्राम हेरोईन (चिट्टा), नगद बिक्री रकम, 04 मोबाइल फोन तथा एक पल्सर मोटर सायकल बरामद कर जप्त की गई।

सप्लाई चेन का खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. शेखर राव (18 वर्ष), निवासी सुभाष चौक कैंप-1 भिलाई
  2. कुंदन उर्फ कुम्बज वर्मा (27 वर्ष), निवासी सुभाष चौक कोऑपरेटिव के पास भिलाई
  3. मोहम्मद सोहेल खान (28 वर्ष), निवासी संजय नगर, थाना टिकरापारा रायपुर
  4. हर्ष भट्टी, निवासी शांति नगर भिलाई

जप्त सामग्री

▪️8.640 ग्राम हेरोईन (चिट्टा)
▪️04 मोबाइल फोन
▪️एक पल्सर मोटर सायकल
▪️नगद बिक्री रकम

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं, नशे से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।