अफीम के अन्तर्राज्यीय नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 02 आरोपी गिरफ्तार

अफीम के अन्तर्राज्यीय नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 02 आरोपी गिरफ्तार



भिलाईनगर, 17 जनवरी 2026। नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भिलाई नगर पुलिस ने अफीम की खरीदी-बिक्री में संलिप्त दो और आरोपियों सहित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर अन्तर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सेक्टर-06 भिलाई स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से अफीम रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना भिलाई नगर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से बलवीर सिंह, निवासी सेक्टर-06 भिलाई को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 205 ग्राम अफीम, एक मोबाइल फोन, अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं नकदी सहित कुल अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार 500 रुपये की सामग्री जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 22(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पूछताछ के दौरान बलवीर सिंह ने खुलासा किया कि अफीम की खरीदी-बिक्री रामबाबू उर्फ कैम्बो के माध्यम से की जाती थी, जबकि अफीम की सप्लाई स्वरूप सोनी द्वारा की जाती थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया और उन्हें भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में
रामबाबू उर्फ कैम्बो (45 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई तथा
स्वरूप सोनी (28 वर्ष), निवासी गीदम, जिला दंतेवाड़ा शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस अफीम के इस अन्तर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और मुख्य स्रोत की पतासाजी में जुटी हुई है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।