🔴एसीसीयू की बड़ी सफलता, तीन वर्षों में गुम हुए मोबाइल बरामद कर किया वितरण
भिलाईनगर, 02 जून 2026। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) ने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 201 मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 41 लाख रुपये बताई गई है। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में संबंधित मोबाइल स्वामियों को उनके फोन विधिवत लौटाए गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं। इस पर पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर गुम मोबाइलों की पतासाजी कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन को सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किया गया। एसीसीयू और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयास करते हुए दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, रायपुर सहित मध्यप्रदेश और आंध्र प्रदेश से कुल 201 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में दुर्ग पुलिस द्वारा आयोजित यह चौथा मोबाइल वितरण कार्यक्रम है। इस पूरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने यह भी जानकारी दी है कि बरामद मोबाइलों के आईएमईआई नंबरों की सूची पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपलोड की जाएगी। जिन लोगों के मोबाइल अब तक प्राप्त नहीं हो सके हैं, वे सूची का मिलान कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट कार्यालय, सेक्टर-03 भिलाई से संपर्क कर अपना मोबाइल प्राप्त कर सकते हैं।


