नंदिनी थाना क्षेत्र में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर दुर्ग पुलिस का छापा, 13 मजदूर मिले

नंदिनी थाना क्षेत्र में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर दुर्ग पुलिस का छापा, 13 मजदूर मिले


🔴फैक्ट्री सील करने की तैयारी, गुटखा बनाने की मशीनरी व भारी मात्रा में सामग्री जब्त

दुर्ग, 24 अप्रैल 2026। जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में तैयार माल, पैकिंग सामग्री और मशीनरी जब्त की है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि फैक्ट्री में मुसाफिर ब्रांड का जर्दा युक्त गुटखा और M4 ब्रांड का सुगंध युक्त जर्दा तैयार कर पैक किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मौके पर 13 मजदूर काम करते हुए मिले, जो मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।


दुर्ग पुलिस ने Food Safety Department के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री अप्रैल माह की शुरुआत से संचालित हो रही थी।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त सामग्री और दस्तावेजों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही, फैक्ट्री संचालकों की तलाश जारी है और संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।