होली को शांतिपूर्ण बनाने दुर्ग पुलिस अलर्ट, SSP ने ली उच्चस्तरीय बैठक

होली को शांतिपूर्ण बनाने दुर्ग पुलिस अलर्ट, SSP ने ली उच्चस्तरीय बैठक


दुर्ग, 27 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी

बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर आमजन को आवश्यक समझाइश दी जाए। पूर्व में होली के दौरान घटित घटनाओं के आधार पर चिन्हित स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

संवेदनशील बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर फिक्स पिकेट लगाए जाएंगे। साथ ही पैदल पेट्रोलिंग एवं बाइक पेट्रोलिंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

हुड़दंग और स्टंटबाजी पर सख्ती

तीन सवारी, स्टंटबाजी, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा मार्ग में हुड़दंग करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र के गुण्डा, निगरानी बदमाश एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

बैठक में लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए गए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) ममता देवांगन सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक दुर्ग एवं सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। कानून व्यवस्था भंग करने या असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।