दुर्ग पुलिस का सख्त अभियान : हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस का सख्त अभियान : हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार



🔴सभी न्यायिक रिमांड पर भेजें गए जेल

दुर्ग, 29 जुलाई 2026। जिले में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार के बल पर मारपीट, धमकी और लोगों में दहशत फैलाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4 धारदार हथियार भी जब्त किए हैं।

सुपेला में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर हमला

थाना सुपेला क्षेत्र के गौतम नगर में 28 जुलाई की शाम आरोपी राहुल यादव (26) ने एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे रूपचंद रात्रे के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड होने के कारण उसके खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।

वैशाली नगर व मचांदुर में तीन और आरोपी दबोचे गए

दूसरी कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस ने रामनगर मुक्तिधाम तालाब के पास राहगीरों को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले नीरज रंगारी उर्फ बुचवा (20) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक धारदार हथियार जब्त किया गया।

वहीं चौकी मचांदुर (थाना उतई) पुलिस ने ग्राम बोरीगारका में कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र कुमार साहू (26) को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने ऑनलाइन दो धारदार हथियार मंगाकर एक हथियार शैलेन्द्र कुमार निषाद (26) को 700 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने शैलेन्द्र को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हथियार बरामद कर लिया।

तीनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय का माहौल बनाता है या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।