दुर्ग पुलिस ने शुरू की ‘पिंक पेट्रोलिंग’, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 14 विशेष टीमें मैदान में

दुर्ग पुलिस ने शुरू की ‘पिंक पेट्रोलिंग’, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 14 विशेष टीमें मैदान में


दुर्ग, 17 जुलाई 2026। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिले में ‘पिंक पेट्रोलिंग’ की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों को रवाना किया।

दुर्ग पुलिस द्वारा जिले के 13 थाना क्षेत्रों तथा 1 रक्षा टीम सहित कुल 14 विशेष पिंक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और टीम का नेतृत्व एक पीएसआई (PSI) करेगा। इन टीमों का उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त करना है।

इन स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी

पिंक पेट्रोलिंग टीमें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में प्रवेश एवं छुट्टी के समय गश्त करेंगी। इसके अलावा पार्क, गार्डन, बाजार, मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों, मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

शिकायत पर तत्काल पहुंचेगी टीम

महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर पिंक पेट्रोलिंग टीमें डायल-112 के माध्यम से प्राप्त सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेंगी। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति जन-जागरूकता भी बढ़ाई जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मलीशंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

पिंक पेट्रोलिंग अभियान के समन्वय और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक भारती मरकाम एवं आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है।

दुर्ग पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091 या निकटतम पुलिस थाने को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।