दुर्ग पुलिस का तड़के सुबह बड़ा चेकिंग अभियान, 200 जवानों ने संभाला मोर्चा

दुर्ग पुलिस का तड़के सुबह बड़ा चेकिंग अभियान, 200 जवानों ने संभाला मोर्चा


🛑दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार

दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने बुधवार तड़के सुबह दुर्ग, भिलाई नगर और छावनी अनुविभाग में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बस्तियों में घर-घर पहुंचकर रहवासियों से पूछताछ की और उनके रिकॉर्ड की जांच की। अभियान के दौरान खुर्सीपार के अटल आवास देवार बस्ती से दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर वारंट तामील किए गए।

पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, संदिग्ध वस्तुओं और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करना, पूर्व अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना तथा आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।

तीन स्थानों पर पुलिस की विशेष कार्रवाई

विशेष चेकिंग अभियान तीन अलग-अलग स्थानों पर चलाया गया। रायपुर नाका स्थित उड़िया बस्ती में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्रीमती भारती मरकाम के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। वहीं, अटल आवास रेश्ने, सुपेला में नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर श्री निशांत पाठक तथा अटल आवास देवार बस्ती, खुर्सीपार में उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री विशाल सोन के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जांच की।

इस दौरान रहवासियों से पूछताछ कर रिकॉर्ड खंगाले गए। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के बाद आवश्यकतानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। खुर्सीपार स्थित अटल आवास देवार बस्ती में कार्रवाई के दौरान दो स्थायी वारंट तामील किए गए।

करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल

अभियान में तीन राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न थाना-चौकियों के प्रभारी और पुलिस बल शामिल रहे। इसके अलावा एएनटीएफ, एसीसीयू, यातायात पुलिस तथा रक्षित केंद्र दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी भाग लिया। पूरे अभियान में करीब 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे।

अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

दुर्ग पुलिस के अनुसार, इस तरह के विशेष अभियान का उद्देश्य फरार वारंटियों की धरपकड़, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।