भिलाईनगर, 17 मई 2026। उर्स कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाते हुए अवैध धारदार हथियार लेकर घूम रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से तलवारनुमा हथियार समेत कुल 8 धारदार हथियार जब्त किए हैं।
शास्त्री नगर में तलवार लेकर लोगों को डरा रहा था युवक
थाना छावनी पुलिस को सूचना मिली थी कि कैम्प-01 स्थित शास्त्री नगर शुलभ के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी योगेश भारती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लोहे का तलवारनुमा धारदार हथियार बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 322/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
उर्स कार्यक्रम में सघन चेकिंग, 7 और आरोपी पकड़े गए
वहीं थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में आयोजित उर्स कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली, मोहन नगर, पदमनाभपुर सहित अन्य थाना पुलिस एवं एसएएफ की संयुक्त टीमों ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान संदिग्ध युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 7 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल
- ऋषि यादव, निवासी उरला
- तुषार अग्रवाल, निवासी राजनांदगांव
- शेखर नामदेव, निवासी राजनांदगांव
- मोहम्मद अबरार, निवासी धमतरी
- एक विधि से संघर्षरत बालक
- गुरप्रीत सिंह, निवासी कैम्प-1 भिलाई
- विक्की गायकवाड, निवासी सुपेला
- योगेश भारती, निवासी शास्त्री नगर कैम्प-01
8 धारदार हथियार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार बरामद कर जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस रही मुस्तैद
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग एवं एसडीओपी पाटन के नेतृत्व में विभिन्न थाना पुलिस और एसएएफ की टीमों ने लगातार पेट्रोलिंग कर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।
दुर्ग police ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक एवं धार्मिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

